डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नोएडा वेस्ट के गौड़ चौक गोलचक्कर पर जाम की समस्या खत्म होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार शाम के समय गौड़ चौक गोलचक्कर लंबा जाम एक बार फिर से लग गया। इसकी वजह से आफिसों से लौटने वाले लोग जाम में घंटों फंसे रहे। सुबह और शाम के समय वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से परेशानियां दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
बता दें कि स्थानीय लोगों ने जाम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मुख्य गोलचक्कर गौर चौक पर जाम की समस्या खत्म होने को तैयार ही नहीं है। सुबह और शाम के समय पीक टाइम में वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। हजारों लोग जाम में फंसने को मजबूर हैं। आरोप है कि गौड़ गोलचक्कर पर मंगलवार को शाम के समय जाम होने के कारण दोनों साइड वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी। नोएडा पर्थला फ्लाई ओवर से ग्रेनो वेस्ट आने वाले रूट पर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी। 
वही, गौर चौक से तिगरी और तिगरी से गौर सिटी गोलचक्कर की तरफ आने-जाने वाली दोनों साइड वाहनों से पैक दिखाई दी। आरोप है कि अंडरपास के निर्माण कार्य के दौरान ऊपर हिस्से की रोड काफी सकरी हो गई है, ऐसे में दोनों जगह पर बोटल नेक बन रहा है। जिसकी वजह से दोनों जगह पर वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। वहीं डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र मे बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से हिंडन पुल पर काम कराया जा रहा है। इसके चलते रास्ता सकरा हो गया है और ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है। जाम नहीं लगा था, लगातार ट्रैफिक चलता रहा है।

