देशगौतम बुद्ध नगर

आल इंडिया इंटर स्टेट चैंपियनशिप टूर्नामेंट में उम्र में अर्धशतक लगा चुके खिलाड़ियों के साथ महिलाएंं भी आज से लगाएंगी चौके-छक्के

आल इंडिया इंटर स्टेट चैंपियनशिप टूर्नामेंट में उम्र में अर्धशतक लगा चुके खिलाड़ियों के साथ महिलाएंं भी आज से लगाएंगी चौके-छक्के
  • एशिया का पहला मिक्स जेंडर वेटरन क्रिकेटरों और युवा महिलाओं का आयोजित हो रहा है टूर्नामेंट

स्पोर्ट्स डेस्क : शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित तीन दिवसीय आल इंडिया इंटर स्टेट चैंपियनशिप टूर्नामेंट का शुक्रवार को शुभारंभ होगा। एशिया में पहली बार वेटरन खिलाड़ियों का मिक्स जेंडर टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर 50 से 64 आयु वर्ग के पुरुष और 15 से 25 आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन वेटरन क्रिकेट लीजेंड क्लब की ओर से कराया जा रहा है। क्लब के फाउंडर सीएस पाठक ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि उनकी ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय टूर्नामेंट में कुल 10 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें पहले दो दिन चार-चार मुकाबले और अंतिम दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। यह सभी मुकाबले सफेद गेंद से टी-20 फार्मेट में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल छह टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें दिल्ली एनसीआर, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, रेस्ट आफ इंडिया और हरियाणा शामिल है। रेस्ट आफ इंडिया की टीम में आठ राज्यों के खिलाड़ी साथ शामिल रहे हैं। बाकी की टीमों में उन्हीं के राज्य के खिलाड़ी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि स्वर्ण सिंह, नरवीर ठाकुर, केएस राणा, सुखदेव, भीषण सिंह और चंद्र मोहन प्रतिभाग कर रहे हैं।

गौतमबुद्ध नगर से यह खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग

गौतमबुद्ध नगर से सीएस पाठक, सिद्धार्थ सिंह के अलावा भारत के अंडर-19 टीम से खेल रहीं पार्श्वी चोपड़ा प्रतिभाग करेंगी। इसके अलावा सरिता, कोमल और कामिका भी शामिल हो रही हैं। दर्शकों के लिए प्रवेश निश्शुल्क रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य है कि अपने को बुजुर्ग मानने लगे खिलाड़ियों में एक नया उत्साह और जज्बा पैदा करना है। इससे उनके पैदा होने वाले मानसिक तनाव और अन्य कई तरह की परेशानियों से भी दूर किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश के सीएम के संयुक्त सचिव और भारत की अंडर-19 खिलाड़ी पार्श्वी भी होंगी शामिल :

टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश के सीएम के संयुक्त सचिव अनिले श्वर भी मैदान पर चौके-छक्के लगाते हुए नजर आएंगे। वहीं महिला खिलाड़ियों में भारत के अंडर-19 टीम से खेल चुकीं पार्श्वी चोपड़ा भी खेलती हुई नजर आएंगी। वहीं यूपी की अंडर -19 में खेल चुकी भारती भी वेटकन खिलाड़ियों के बीच प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। टूर्नामेंट में रणजी, यूपी टीम और भारत की अंडर-19 टीम में प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी मैदान पर खेलते हुए नजर आएंगे।