डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से दादरी की ओर जा रही निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस आगे चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 14 कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया गया। हालांकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
बता दें कि पुलिस के अनुसार निजी स्टारेयन फैक्ट्री की बस शनिवार शाम एक्सप्रेसवे से होते हुए दादरी की ओर जा रही थी। बस में लगभग 30 कर्मचारी सवार थे। दादरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर बस के आगे अचानक एक वाहन आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में चालक ने तेजी से स्टीयरिंग मोड़ दिया और बस अनियंत्रित होकर पर पलट गई। तेज आवाज के साथ बस पलटते ही अंदर बैठे कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची दादरी पुलिस ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे कर्मचारियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल उपचार के लिए एंबुलेंस से जिम्स भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एक्सप्रेसवे की एक लेन पर लगा लंबा जाम
जानकारी के लिए बता दें कि बस पलटने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हो गया। एक लेन में बस पड़ी होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली और हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। ACP ट्रैफिक शकील मोहम्मद ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस को हटाने की कार्रवाई की गई, ताकि यातायात बाधित न हो। घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

