अपराधगौतम बुद्ध नगर

पत्नी से विवाद के बाद नाले में कूदा युवक, तलाश जारी, NDRF बुलाई गई

पत्नी से विवाद के बाद नाले में कूदा युवक, तलाश जारी, NDRF बुलाई गई
  • सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम की घटना, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
  • पत्नी की सूचना पर पुलिस पहुंची, अग्निशमन टीम ने भी चलाया तलाश अभियान
  • नाले में मलबा और तेज बहाव के कारण तलाशी में आ रही परेशानी

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नोएडा के सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब पत्नी से विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक रवि नाले के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी स्वजन को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

मूलरूप से एटा के जलेसर क्षेत्र के ग्राम जैनपुरा निवासी रवि पुत्र विनोद हरौला में पत्नी नेहा के साथ रहते हैं। बुधवार शाम शराब पीने को लेकर रवि का पत्नी से विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद रवि घर से बाहर निकल गया।

काफी देर तक रवि के घर नहीं लौटने पर स्वजन को चिंता हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने उसे सेक्टर-81 में एनएसईजेड के पास खुले नाले की तरफ जाते और उसमें गिरते हुए देखने की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला और एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

नाले में मलबा होने से तलाश में परेशानी

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने नाले में युवक की तलाश शुरू की। दिल्ली की ओर से आने वाले नाले में पानी और काफी मलबा होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आई। देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला। एसीपी प्रथम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया।

खुले नाले के पास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खुले नाले के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि नाले के आसपास चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू कराया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश जारी है।