- ढाई घंटे विमान में बैठकर इंतजार के बाद यात्रियों का टूटा सब्र, नीचे उतरकर जताया विरोध
- दूसरे विमान की व्यवस्था के बाद शाम 6:50 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुए यात्री
- एक दिन पहले स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति ने किया था नोएडा एयरपोर्ट का दौरा
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को करीब चार घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भरने और विमान के अंदर करीब ढाई घंटे तक इंतजार कराने से यात्रियों का सब्र जवाब दे गया। कई यात्री विमान से नीचे उतर आए और एयरपोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर विरोध जताने लगे। इस दौरान यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी। घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक महिला यात्री इंडिगो के अधिकारियों पर नाराजगी जताती दिखाई दे रही है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 7628 का निर्धारित प्रस्थान समय दोपहर 3:05 बजे था। यात्रियों के अनुसार, विमान में सवार होने के बाद भी उन्हें उड़ान के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। करीब ढाई घंटे तक विमान में बैठे रहने के बाद यात्री परेशान हो गए। उनका आरोप है कि इस दौरान उन्हें उड़ान में देरी के कारणों की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई।
लंबे इंतजार से परेशान कई यात्री विमान से नीचे उतर आए और एयरपोर्ट परिसर में बैठकर विरोध जताया। कुछ महिला यात्रियों ने असुविधा के कारण तबीयत बिगड़ने की बात भी कही। यात्रियों ने एयरलाइन कर्मचारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि देरी की स्थिति में उन्हें समय पर जानकारी देने के साथ जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए थीं। हंगामा बढ़ने पर इंडिगो के अधिकारियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया।
तकनीकी खराबी के कारण हुआ विलंब
इंडिगो की ओर से बताया गया कि विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण उड़ान में विलंब हुआ। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को फ्लाइट रद्द कराने, रिफंड लेने समेत उपलब्ध विकल्पों की जानकारी भी दी गई। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से लखनऊ भेजा गया। सभी यात्री शाम करीब 6:50 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुए।
एक दिन पहले राष्ट्रपति ने किया था दौरा
खास बात यह है कि घटना से एक दिन पहले स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा कर इसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया था। इसके अगले ही दिन उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को लंबे इंतजार और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।
