रवि शर्मा, लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “BJP का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान” है। उनका यह बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस और सियासी टकराव का कारण बन गया है।
लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यह टिप्पणी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा PDA को लेकर दिए गए बयान के जवाब में की। उन्होंने कहा कि यदि PDA के ‘P’ का अर्थ पाकिस्तान बताया जा सकता है, तो BJP का अर्थ भी “भाग जाओ पाकिस्तान” कहा जा सकता है। साथ ही उन्होंने PDA को “प्रेम, दया और अपनापन” का प्रतीक बताया।
https://x.com/ASKNewsIndia/status/2091102415437369594/video/1
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, कानून-व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में आम जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है, जबकि सरकार मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
सपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल प्रदेश की सभी 403 सीटों पर मजबूती से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि PDA का सामाजिक समीकरण और जनता का समर्थन आने वाले चुनावों में निर्णायक साबित होगा।
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेताओं की ओर से भी इस पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी माहौल के बीच इस तरह के बयान आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ा सकते हैं।

