रवि शर्मा , डिजटल डेस्क: जापान में रविवार सुबह आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई, जबकि इसका केंद्र इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में लगभग 70 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप के झटके राजधानी टोक्यो और आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। भूकंप के बाद लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट जारी किए गए। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकांश लोग घबराहट में गिरने या घर के अंदर रखे सामान से टकराने के कारण घायल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण किसी सुनामी का खतरा नहीं है और इस संबंध में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और टोक्यो के कोटो वार्ड में एक भूमिगत जल पाइप फटने की घटना सामने आई, जिसे बाद में ठीक कर लिया गया। जापान सरकार ने हालात पर नजर रखने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है। राहत एवं बचाव एजेंसियां संभावित नुकसान का आकलन कर रही हैं। फिलहाल बड़े पैमाने पर किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आफ्टरशॉक्स की संभावना को देखते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में से एक है और प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां अक्सर भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं।

