देश

900 रुपये की लिपस्टिक, 3400 KISS, 55 लाख व्यूज और फिर पुलिस की एंट्री! ग्वालियर की ‘किसिंग कार’ का ऐसा हुआ अंत

900 रुपये की लिपस्टिक, 3400 KISS, 55 लाख व्यूज और फिर पुलिस की एंट्री! ग्वालियर की ‘किसिंग कार’ का ऐसा हुआ अंत

रवि शर्मा

ग्वालियर : सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत एक युवक को भारी पड़ गई। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक कार पर 3400 से ज्यादा लिपस्टिक ‘किस मार्क’ बनाकर बनाई गई रील ने इंटरनेट पर तो धूम मचा दी, लेकिन इसके बाद पुलिस की एंट्री हुई और मामला सीधे थाने तक पहुंच गया।

ग्वालियर निवासी आदित्य सिकरवार की एक महिला मित्र ने विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रेरित होकर उसकी स्विफ्ट कार को लिपस्टिक के निशानों से पूरी तरह ढक दिया। बताया जा रहा है कि कार पर करीब 3400 ‘किस मार्क’ बनाने में साढ़े तीन से चार घंटे का समय लगा। इस पूरे प्रयोग में करीब 900 रुपये की लिपस्टिक खर्च होने की भी चर्चा है। इसके बाद इस अनोखी कार का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और करीब 55 लाख व्यूज तक पहुंच गया। यह वायरलिटी पुलिस की नजर से नहीं बच सकी।

ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया और वाहन मालिक तक पहुंच गई। जांच में सामने आया कि कार को इसी रूप में शहर की सड़कों पर चलाया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर मालिक को थाने बुलाया। पुलिस ने विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार मालिक पर 5,500 रुपये का चालान लगाया। साथ ही कार से सभी लिपस्टिक के निशान हटाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए किए जाने वाले ऐसे स्टंट सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के लिहाज से उचित नहीं हैं।

दिलचस्प बात यह है कि जिस रील को लाखों व्यूज और लाइक्स दिलाने के लिए बनाया गया था, वही रील युवक के लिए मुसीबत बन गई। अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कोई इसे प्यार का अनोखा इजहार बता रहा है तो कोई वायरल होने की होड़ का नतीजा।