देश विदेश

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़, बचाव अभियान तेज

नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़, बचाव अभियान तेज

रवि शर्मा , डिजिटल डेस्क:

नेपाल के उत्तरी रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तिब्बत की ओर से भोटेकोशी नदी में आए तेज जलप्रवाह ने देखते ही देखते कई बस्तियों, बाजारों और महत्वपूर्ण ढांचों को अपनी चपेट में ले लिया। बाढ़ के बाद नेपाल सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार रसुवा के तिमुरे बाजार, तिमुरे कस्टम कार्यालय और स्याफ्रुबेसी क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ का पानी आगे बढ़ते हुए त्रिशूली नदी तक पहुंच गया, जिसके बाद नुवाकोट, धादिङ, गोरखा और चितवन समेत कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह ने सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल, एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और आपदा प्रबंधन इकाइयां तैनात की गई हैं। कई स्थानों पर हेलीकॉप्टरों की मदद से भी राहत कार्य चलाया जा रहा है।

बाढ़ के कारण कई सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं और कुछ जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।