देशफर्रुखाबाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री; लिंक एक्सप्रेसवे व तटबंध का मांगा प्रस्ताव।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री; लिंक एक्सप्रेसवे व तटबंध का मांगा प्रस्ताव।

सत्यम कटियार, संवाददाता

फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को फर्रुखाबाद जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। हेलीकॉप्टर से बाढ़ग्रस्त इलाकों की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे फतेहगढ़ पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें अपने हाथों से राहत सामग्री किट वितरित की। राहत किट और प्रशासन का साथ पाकर प्रभावित परिवारों के चेहरों पर संतोष और राहत दिखाई दी।

राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पीड़ित परिवार तक समय से भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा और जरूरी सामग्री पहुंचाई जाए।

जिले के लिए विकास और सुरक्षा की घोषणाएं:

बाढ़ से स्थायी समाधान: मुख्यमंत्री ने गंगा और रामगंगा की बाढ़ से जिले को स्थायी राहत दिलाने के लिए मजबूत तटबंध निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए।
लिंक एक्सप्रेसवे: फर्रुखाबाद को गंगा एक्सप्रेसवे/आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण प्रस्ताव पर तेजी से काम करने को कहा, जिससे जिले की कनेक्टिविटी को रफ्तार मिलेगी।

सड़क चौड़ीकरण: आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए फतेहगढ़-गुरसहायगंज मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण को जल्द गति देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जलभराव वाले गांवों में संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु दवाओं के छिड़काव और पशुओं के लिए चारे-टीकाकरण की व्यवस्था दुरुस्त रखने की भी हिदायत दी।