अपराधगौतम बुद्ध नगर

बच्चे के अपहरण और तस्करी का पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल

बच्चे के अपहरण और तस्करी का पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल
  • दो महिलाओं समेत सात आरोपित गिरफ्तार, अपहृत छह वर्षीय बच्चा सकुशल बरामद; बच्चे को बेचने के लिए तय हुआ था 4.50 लाख रुपये का सौदा

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: छह वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में कासना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने की योजना बनाई थी। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में तीन आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करने के साथ अवैध हथियार, नकदी, घटना में प्रयुक्त कार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पूछताछ में बच्चे को बेचने के लिए 4.50 लाख रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई है।

डाढा गोलचक्कर के पास हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उनका छह वर्षीय बेटा 13 अक्टूबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध ग्राम डाढा के पास बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने डाढा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध औरा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार लोग भागने लगे। पीछा करने पर कार पेड़ से टकराकर रुक गई। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र के ननई गांव निवासी गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में नोएडा और कासना क्षेत्र में रह रहे थे।

तीन तमंचे और 1.50 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने घायल आरोपितों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, 1.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की। उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपित विकास और नकुल को डाढा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 20-20 हजार रुपये बरामद हुए।

इसके अलावा पुलिस ने पुष्पा और कमलेश नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी के दौरान अपहृत बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया। इस तरह मामले में कुल पांच पुरुष और दो महिलाएं गिरफ्तार की गई हैं।

बच्चे को बेचने के लिए तय हुआ था सौदा

पुलिस की पूछताछ के अनुसार, अंकित ने अपने साथी नकुल के साथ मिलकर काशीराम अस्पताल के सामने से मोटरसाइकिल पर बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद गुरमीत, सुमित और विकास के साथ मिलकर उसे कार से गाजियाबाद ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने उसे दिल्ली निवासी कमलेश के बारे में जानकारी दी थी। कमलेश को कथित तौर पर एक नाबालिग बच्चा चाहिए था और इसके बदले अच्छी रकम मिलने की बात कही गई थी। इसी योजना के तहत 13 अक्टूबर की शाम बच्चे का अपहरण किया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्चे को बेचने के बदले आरोपितों को दो लाख रुपये मिल चुके थे, जबकि ढाई लाख रुपये बाद में मिलने थे। पुष्पा के कब्जे से 32,800 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्चे की तस्करी और सौदे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।