देशसहारनपुर

सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन का मामला, 7 सितंबर को पहुंचेगा सपा प्रतिनिधिमंडल

सहारनपुर में मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन का मामला, 7 सितंबर को पहुंचेगा सपा प्रतिनिधिमंडल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : सहारनपुर में 119 साल पुरानी मस्जिद को बुलडोजर से गिराए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी का 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 7 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा और अधिकारियों से मुलाकात करेगा।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के मुताबिक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर के कमिश्नर से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी लेगा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत करेगा।

5 सितंबर को गिराई गई मस्जिद

ज्ञाप के अनुसार, सहारनपुर कलेक्ट्रेट में स्थित करीब 119 साल पुरानी मस्जिद को 5 सितंबर की सुबह बुलडोजर से गिरा दिया गया। सपा का दावा है कि इससे पहले 4 सितंबर की शाम जिला प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया था कि मस्जिद की सील नहीं तोड़ी जाएगी और उसे गिराया नहीं जाएगा।

घटना के बाद सपा ने मामले की जानकारी जुटाने और प्रशासन से मुलाकात के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है।

22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कई बड़े नेता

प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, सांसद धीरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान समेत विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल में मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही सपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के नेता भी शामिल किए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल घटना की परिस्थितियों की जानकारी लेकर पार्टी नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपेगा।