अपराधकानपुर देहात

रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
  • रूरा पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई; सोने-चांदी के आभूषण, 97 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल बरामद

डिजिटल डेस्क, कानपुर देहात : रूरा पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 97 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस और दो आला नकब भी बरामद हुए हैं। चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी पुलिस ने बरामद की है। वाहन पर कूट रचित नंबर प्लेट लगी हुई थी।

सुनसान मकानों की करते थे रेकी

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले सुनसान मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय मौका देखकर मकान के ताले और अलमारियां तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने रूरा, अकबरपुर, मूसानगर, भोगनीपुर, बरौर, मंगलपुर और संदलपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

चोरी के आभूषण गलाकर बेचता था अमन सोनी

पुलिस ने चोरी के आभूषणों को गलाकर बेचने वाले अमन सोनी उर्फ अभयराज को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह चोरी के बाद आभूषणों को उसके माध्यम से गलवाकर बेचता था।

पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।