देशकानपुर देहात

पांडु नदी में उफान, अस्थायी पुल डूबा, कई गांवों का संपर्क प्रभावित

पांडु नदी में उफान, अस्थायी पुल डूबा, कई गांवों का संपर्क प्रभावित
  • बिकरू-शिवली मार्ग बंद होने से ग्रामीण परेशान, कई गांवों में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी, फसलें जलमग्न

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता

कानपुर देहात : पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश के चलते पांडु नदी में उफान आ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से बिकरू और शिवली के बीच बना अस्थायी पुल पानी में डूब गया। पुल के डूब जाने से बिकरू-शिवली मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इससे आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कानपुर नगर के बिकरू गांव के सामने पांडु नदी पर बने इस अस्थायी पुल के जरिए ग्रामीण शिवली कस्बे तक पहुंचते थे। पुल के पानी में डूब जाने के कारण बिकरू, तकीपुर, देवकली, कजंती, काशीराम पुरवा, बाचीपुर और सखरेज समेत कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए शिवली आना पड़ता है। मार्ग बंद होने के बाद उन्हें काफी लंबा चक्कर लगाकर शिवली पहुंचना पड़ रहा है।

कई गांवों में घरों तक पहुंचा पानी

लगातार बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई घरों तक पानी पहुंच गया है। खेतों में पानी भरने से फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है और उनकी परेशानी बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।