डिजिटल डेस्क, मुरादाबाद : समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने मस्जिद के अंदर मिले कुओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पुराने समय में जब पानी की टंकियां नहीं होती थीं, तब कुओं का इस्तेमाल वजू के लिए भी किया जाता रहा होगा। इसलिए मस्जिद परिसर में मिले कुओं को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उनके ऐतिहासिक और धार्मिक संदर्भ को भी देखा जाना चाहिए।
सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले को लेकर रुचि वीरा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन धर्म की बात करते हैं, लेकिन सनातन धर्म किसी दूसरे धर्म का अनादर करना या किसी की इबादतगाह तोड़ना नहीं सिखाता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस तरह के मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
सपा सांसद ने कहा कि सरकार को न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं दे रही है। अपनी बात न रख पाने के लिए लाठीचार्ज और हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
ओमप्रकाश राजभर के बयान पर भी पलटवार
ओमप्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रुचि वीरा ने कहा कि अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी और उनकी संवेदना उन लोगों के साथ है, जिनकी पुरानी मस्जिद को गिराया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी पुरानी इबादतगाह को गिराया जाना दुखद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान पर भी रुचि वीरा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत की बातों से सीख और सबक लेने की जरूरत है।

