डिजिटल डेस्क, अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे और राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का दोपहर 2:50 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर आगमन होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक कार्यक्रम चलेगा, जिसमें सीएम योगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 4:10 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। करीब 4:15 बजे उनका हेलीकॉप्टर राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेगा। इसके बाद 4:25 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 4:45 बजे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे, जहां रामलला का दर्शन और पूजन करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद शाम 5:05 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का अयोध्या में लगभग दो घंटे 15 मिनट का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

