देशलखनऊ

मिशन 2027 के लिए भाजपा ने कसी कमर, बूथवार माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर

मिशन 2027 के लिए भाजपा ने कसी कमर, बूथवार माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर

डिजिटल डेस्क, यूपी टीम : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक ले जाने और हर बूथ की अलग राजनीतिक तस्वीर तैयार करने पर जोर दे रही है। भाजपा के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने हालिया बैठकों में बूथों की मैपिंग और कमजोर बूथों पर विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

भाजपा की रणनीति में बूथवार माइक्रो मैनेजमेंट, पन्ना प्रमुखों, शक्ति केंद्रों और सीधे मतदाता संपर्क को अहम भूमिका दी जा रही है। पार्टी का लक्ष्य हर बूथ पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर वहां अलग से रणनीति तैयार करना है।

हर समाज तक पहुंच बनाने की तैयारी

पार्टी की रणनीति में सामाजिक समीकरणों को भी प्रमुखता दी जा रही है। अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच उसी समाज से जुड़े कार्यकर्ताओं की टीमों के जरिए संपर्क बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है। भाजपा की नई क्षेत्रीय कार्यसमितियों में भी ओबीसी, दलित, ब्राह्मण, ठाकुर और महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिखाई दिया है।

घर-घर संवाद, योजनाओं और विकास कार्यों पर फोकस

कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का जिम्मा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार जिलों का दौरा कर विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं के जरिए सरकार के कामकाज को जनता के बीच ले जा रहे हैं।

सिर्फ प्रचार नहीं, जनता का फीडबैक भी होगा अहम

भाजपा की रणनीति में फीडबैक पॉलिटिक्स को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया जा रहा है। कार्यकर्ता लोगों से स्थानीय समस्याओं, क्षेत्रीय मुद्दों और सरकार के प्रति उनकी धारणा की जानकारी जुटाएंगे। पार्टी नेतृत्व तक बूथ स्तर की रिपोर्ट पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है। हालिया निर्देशों में नेताओं से जमीनी स्थिति की वास्तविक और ईमानदार रिपोर्ट देने पर भी जोर दिया गया है।

बूथवार बनेगी रिपोर्ट

पार्टी प्रत्येक बूथ की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संपर्क अभियान की प्रगति पर नजर रखने की तैयारी में है। कमजोर बूथों की मैपिंग कर वहां संगठन को मजबूत करने के लिए अलग रणनीति बनाई जाएगी। भाजपा ने प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों की नई कार्यसमितियां भी घोषित कर दी हैं, जिसे मिशन 2027 की संगठनात्मक तैयारी का अहम चरण माना जा रहा है।