देशकानपुर

करोड़पति ससुर की हत्या की मास्टरमाइंड निकली बहू,नौकर को दी थी 6 लाख की सुपारी

करोड़पति ससुर की हत्या की मास्टरमाइंड निकली बहू,नौकर को दी थी 6 लाख की सुपारी

डिजिटल डेस्क , यूपी टीम : कानपुर के चर्चित और करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस बहू शालू को ससुर की मौत के बाद फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया था, पुलिस के अनुसार बहू ने ही बदमाशों को बुलाकर अपने ससुर की हत्या करवाई थी, पुलिस ने बहू और हत्याकांड में शामिल बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है

आपको बता दे कि उत्तर प्रदेश के कानपुर के थाना कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की हत्या के मामले में पुलिस जांच का बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस के अनुसार इस सुनियोजित हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता खुद उनकी बहू शालू निकली, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि करोड़ों की संपत्ति के बावजूद ससुर विनीत मिनोचा बेटे-बहू के खर्च और गतिविधियों पर सख्त पाबंदी लगाते थे। बेटे को महीने के करीब 35 हजार रुपये ही खर्च के लिए दिए जाते थे, जिससे बहू शालू नाराज थीं। पुलिस इसी पारिवारिक और आर्थिक विवाद को हत्या की साजिश की जड़ मान रही है। तंग आकर बहू ने कथित तौर पर पुराने नौकर विशाल को 6 लाख रुपये की सुपारी देकर ससुर की हत्या करवाई। आरोपी हत्यारों ने डुप्लीकेट चाबी से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मास्टरमाइंड बहू शालू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सुपारी और साजिश
आरोप है कि शालू ने करीब 6 साल पहले चोरी के आरोप में नौकरी से निकाले गए पुराने नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
वारदात की रात
शनिवार रात करीब 9:36 बजे बेटा सुब्रत, पत्नी शालू और बच्चे के साथ पार्टी के बहाने घर से निकले। इसके तुरंत बाद डुप्लीकेट चाबी के सहारे दोनों आरोपी फ्लैट में दाखिल हुए और करीब सवा घंटे तक अंदर छिपे रहे। बताया जा रहा है कि गार्ड को पहले ही फोन कर उनकी एंट्री रोकने को कह दिया गया था। पुलिस के अनुसार शुरुआती योजना तकिए से दबाकर मौत को ‘हार्ट अटैक’ जैसा दिखाने की थी, लेकिन अचानक विनीत मिनोचा के कमरे में आने और लाइट जल जाने पर आरोपियों ने चाकू से 26 से ज्यादा वार कर उनकी हत्या कर दी।
सुबह लौटी बहू, रोने का नाटक
रविवार तड़के करीब 4:13 बजे परिवार पार्टी से लौटा। शालू किचन में पानी लेने गईं तो पिता के कमरे से खून रिसता दिखा। शव देखकर वे फूट-फूटकर रोने लगीं, हालांकि पुलिस का दावा है कि यह पूरा घटनाक्रम एक सुनियोजित नाटक था।
24 घंटे में सुलझा केस
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद विशाल गौतम और राजकिशोर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बहू शालू की भूमिका उजागर हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।