डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम : आचार्य पुरी इलाके में मंगलवार शाम रुपये के लेनदेन को लेकर पीजी संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो हमलावरों ने घर के बाहर पीजी संचालक को गोली मार दी। गोली सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान हेमंत कौशिक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व फौजी हैं और पिछले कुछ वर्षों से पीजी का संचालन कर रहे हैं। वह सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के आचार्य पुरी इलाके में रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे दो हमलावर हेमंत कौशिक के घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत के दौरान दोनों ने उन पर गोली चला दी। फायरिंग में एक गोली उनके सिर में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में हेमंत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस हमले के पीछे रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल हमलावरों के संबंध में पुलिस को अहम सुराग मिलने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पीजी संचालक को घर के बाहर मारी गोली, हालत गंभीर

