देशलखनऊ

‘हनुमान अंश’ की टीम ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात

‘हनुमान अंश’ की टीम ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात
  • डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी और अभिनेता शोभिनव ने साझा की फिल्म से जुड़ी जानकारी, सीएम ने देखे गोरखनाथ जी की पंक्तियों वाले अहम दृश्य

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट और टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और अभिनेता शोभिनव ने मुख्यमंत्री को फिल्म की कहानी और उसके प्रमुख प्रसंगों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म में शामिल गोरखनाथ जी की पंक्तियों वाले महत्वपूर्ण दृश्यों को भी देखा।

फिल्म की कहानी में बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के संतों के बीच हुई मुलाकातों का भी चित्रण किया गया है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का दावा है कि बाबा नीब करौरी अपने जीवन के शुरुआती दौर में नाथ संप्रदाय के संतों के सान्निध्य में रहे थे। उनके अनुसार, नाथ संतों के संपर्क और सान्निध्य से बाबा नीब करौरी को आध्यात्मिक एवं दिव्य शक्तियों की अनुभूति प्राप्त हुई।

मुलाकात के दौरान फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म के विषय, निर्माण और इसके आध्यात्मिक पक्ष से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। निर्देशक और अभिनेता ने मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात को महत्वपूर्ण बताया।

फिल्म में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, संतों के जीवन और उनके बीच रहे संबंधों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। टीम का कहना है कि ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से दर्शकों तक आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़े प्रसंगों को सिनेमाई रूप में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।