देशगौतम बुद्ध नगर

आयुष्मान अप्रूवल के इंतजार में इलाज नहीं मिलने का आरोप, महिला की मौत

आयुष्मान अप्रूवल के इंतजार में इलाज नहीं मिलने का आरोप, महिला की मौत
  • पेट दर्द की शिकायत पर शारदा अस्पताल पहुंची थी जयंती, स्वजन ने लगाया लापरवाही का आरोप; पुलिस बोली- लिखित शिकायत मिलने पर होगी जांच

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नॉलेज पार्क स्थित शारदा अस्पताल में मंगलवार को पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंची पलवल निवासी जयंती की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला के स्वजन ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जयंती को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भर्ती कराया गया था, लेकिन अप्रूवल नहीं मिलने की बात कहकर उपचार शुरू नहीं किया गया। स्वजन का आरोप है कि उन्होंने उपचार का खर्च स्वयं उठाने की बात भी कही, इसके बावजूद समय पर इलाज नहीं मिला।

मृतका के भतीजे निखिल, निवासी सुतियाना के अनुसार जयंती के पेट में अचानक तेज दर्द उठा था। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब एक बजे स्वजन उन्हें लेकर शारदा अस्पताल पहुंचे। निखिल का आरोप है कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के तहत उन्हें भर्ती किया गया, लेकिन स्टाफ की ओर से अप्रूवल नहीं मिलने की बात कही गई। इस दौरान स्वजन ने इलाज के रुपये देने की बात भी कही, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उपचार नहीं किया गया। काफी देर तक इलाज शुरू नहीं होने के बाद जयंती की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्वजन का आरोप है कि यदि समय पर उपचार शुरू हो जाता तो जयंती की जान बच सकती थी।

मामले की जानकारी मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इलाज के बकाया रुपये के लेनदेन को लेकर स्वजन आरोप लगा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल स्वजन की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। लिखित शिकायती पत्र मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।