- परिजनों की आंखों के सामने हुआ हादसा, स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन
डिजिटल डेस्क, लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में घाघरा नदी के किनारे उस समय हड़कंप मच गया, जब नाव पर बैठे 24 वर्षीय युवक को घड़ियाल पानी में खींच ले गया। हादसा परिजनों की आंखों के सामने हुआ। युवक की चीख सुनकर परिजन नदी की ओर दौड़े, लेकिन तब तक घड़ियाल उसे गहरे पानी में ले जा चुका था। घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करा रही है।
जानकारी के अनुसार सुजानपुर पंचायत के मजरा गांव निवासी नीरज भार्गव पुत्र तेजी खाना खाने के बाद घर के पास घाघरा नदी के किनारे बंधी नाव पर बैठा था। इसी दौरान अचानक पानी से निकले घड़ियाल ने युवक पर हमला कर दिया और उसे पकड़कर नदी के गहरे पानी में खींच ले गया।
नीरज की चीख सुनकर परिजन बाहर आए तो उन्होंने घड़ियाल को युवक को पानी में ले जाते देखा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पढ़ुआ पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों के मुताबिक नीरज परिवार का सबसे बड़ा बेटा और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। करीब एक दशक पहले घाघरा नदी के कटान में परिवार की कृषि योग्य जमीन नदी में समा गई थी। इसके बाद नीरज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है।

