देशकानपुर देहात

बिकरू कांड: छह साल बाद जेल से बाहर आया हीरू दुबे, सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

बिकरू कांड: छह साल बाद जेल से बाहर आया हीरू दुबे, सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

डिजिटल डेस्क, कानपुर देहात। कानपुर के चर्चित बिकरू कांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कुख्यात माफिया विकास दुबे के करीबी आरोपी हीरू दुबे को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे माती जिला जेल से रिहा कर दिया गया। करीब छह साल जेल में रहने के बाद वह बाहर आया।

2 जुलाई 2020 को बिकरू गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हीरू दुबे भी आरोपी बनाया गया था। वारदात के बाद उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई के बीच उसने वकील के भेष में माती कोर्ट पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था।

बिकरू कांड से जुड़े गैंगस्टर एक्ट के मामले में कुल 30 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चला था। अदालत ने हीरू दुबे समेत 23 आरोपियों को 10-10 साल की सजा सुनाई थी। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को उसकी रिहाई हुई।

जेल से बाहर आने के बाद हीरू दुबे ने मीडिया से कहा कि उसे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। रिहाई के बाद वह अपनी पत्नी से मिला और कहा कि कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखी जाएगी।