डिजिटल डेस्क, बुलंदशहर : बुलंदशहर रोड स्थित जदीद चौकी के बाहर से चोर एक बाइक चोरी कर ले गया। चोरी की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
मोहल्ला ब्रह्मपुरा, गढ़ रोड निवासी राजा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आठ सितंबर की रात अपनी मौसी के बेटे विपेंद्र दत्त के साथ उसके निजी काम से बाइक पर सवार होकर जदीद चौकी गया था। दोनों करीब एक घंटे तक चौकी पर रहे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक मौके से गायब थी।
काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला। चौकी के बाहर से बाइक चोरी होने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक युवक बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दिया।
बाइक चोरी का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

