डिजिटल डेस्क , कानपुर: कानपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,कानपुर नगर के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायालय परिसर के प्रथम तल स्थित मीटिंग हॉल में दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती पर माल्यार्पण कर किया गया है।
आपको बता दे कि कानपुर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया है। नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का शीघ्र एवं आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाता है। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाले नाली, छप्पर जैसे छोटे-मोटे विवादों को भी पुलिस और न्यायालय के माध्यम से जल्द निपटाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आम जनता को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके।
नोडल अधिकारी रश्मि सिंह ने बताया है कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक लोन से जुड़े मामलों के अलावा नगर निगम, केस्को, केडीए और जल संस्थान से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही इस बार ई-चालान के मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, अधिवक्ताओं द्वारा लोक अदालत के बहिष्कार के चलते दीवानी न्यायालय परिसर में सन्नाटा पसरा नजर आया। इसके बावजूद लोक अदालत में विभिन्न मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया लगातार जारी रही है।

