देशलखनऊ

रुद्रगैरा पर तिरंगा फहराकर पूर्वा ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव

रुद्रगैरा पर तिरंगा फहराकर पूर्वा ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
  • 5,826 मीटर ऊंची चोटी फतह कर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ हिमालय का संदेश
  • गंगोत्री से दो दिन की कठिन ट्रेकिंग के बाद 1,300 मीटर की सीधी चढ़ाई, अब एवरेस्ट फतह का लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, यूपी टीम : लखनऊ की पर्वतारोही पूर्वा धवन ने 5,826 मीटर ऊंची माउंट रुद्रगैरा चोटी पर तिरंगा फहराकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पूर्वा 10 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे रुद्रगैरा के शिखर पर पहुंचीं। कठिन बर्फीले और चट्टानी रास्तों, कम ऑक्सीजन और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। अब पूर्वा ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने को अपना अगला लक्ष्य बनाया है।

पूर्वा ने अपने अभियान के जरिए महिला सशक्तीकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। ‘पीक्स एंड प्लास्टिक’ पहल के माध्यम से वह पर्वतीय क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे के प्रति जागरूकता फैलाने और जिम्मेदार पर्वतारोहण का संदेश दे रही हैं।

सीएम योगी से मुलाकात से मिली प्रेरणा

पूर्वा धवन मई 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का बैनर सौंप चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देकर उनका उत्साह बढ़ाया था। पूर्वा ने रुद्रगैरा अभियान की सफलता का श्रेय अपने परिवार के सहयोग और मुख्यमंत्री से मिले प्रोत्साहन को दिया है। अभियान में शैलेश सेमवाल और बिहारी सिंह राणा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्हीं के मार्गदर्शन में पूर्वा ने गंगोत्री में पर्वतारोहण का विशेष प्रशिक्षण लिया।

गंगोत्री से शुरू हुआ कठिन सफर

पूर्वा ने शैलेश सेमवाल और बिहारी सिंह राणा के साथ सात सितंबर की सुबह नौ बजे गंगोत्री से ट्रेक शुरू किया। दो दिन की कठिन ट्रेकिंग के बाद टीम 4,350 मीटर की ऊंचाई पर स्थित रुद्रगैरा बेस कैंप पहुंची। 10 सितंबर को सुबह चार बजे बेस कैंप से शिखर के लिए चढ़ाई शुरू की गई।

करीब आठ घंटे 30 मिनट की कठिन चढ़ाई के दौरान टीम ने लगभग 1,300 मीटर की ऊंचाई हासिल की। रास्ते में खड़ी बर्फ, चट्टानी हिस्सों और खुले कठिन सेक्शन का सामना करना पड़ा। ऊंचाई बढ़ने के साथ ऑक्सीजन की कमी और शारीरिक थकान भी चुनौती बनती गई, लेकिन टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी। दोपहर 12:30 बजे पूर्वा ने 5,826 मीटर ऊंचे रुद्रगैरा शिखर पर तिरंगा फहरा दिया।

स्वच्छ हिमालय का भी संदेश

पूर्वा का कहना है कि हिमालय की चोटियों को फतह करना गौरव की बात है, लेकिन पर्वतीय पर्यावरण को सुरक्षित और स्वच्छ रखना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने अभियान को ‘पीक्स एंड प्लास्टिक’ पहल से जोड़ा है। इसके माध्यम से वह पर्वतीय क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे को कम करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दे रही हैं।

अब नजर एवरेस्ट पर

रुद्रगैरा फतह के बाद पूर्वा का अगला लक्ष्य 8,848.86 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी है। वह एवरेस्ट पर भारतीय तिरंगा फहराकर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए प्रेरणा और स्वच्छ हिमालय का संदेश देश-दुनिया तक पहुंचाना चाहती हैं।