रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात। बकरी व्यापारी के साथ कोतवाली क्षेत्र में शोभन मंदिर से कुछ दूरी पर जुगराजपुर बिठूर गांव के करीब बीते सोमवार को दिनदहाड़े हुई लूट की घटना में पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ झपट्टा मार कर नगदी एवं मोबाइल छीन लेने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना का खुलासा करने के लिए बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
बताते चलें कि बीते सोमवार को शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी दरियाव गांव निवासी शमशाद पुत्र सज्जाखी के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। शमशाद बकरी खरीदने बेचने का व्यापार करता है। सोमवार की सुबह शमशाद बाइक द्वारा कोतवाली क्षेत्र के जादेपुर गांव बकरी खरीदने के लिए जा रहा था वह जुगराजपुर बिठूर से आगे निकला था कि तभी पीछे से आए सफेद रंग की अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने जबरन रोक लिया था और उसके साथ मारपीट करते हुए बदमाशों ने नगदी तथा मोबाइल फोन छीनकर वापस शोभन मंदिर की ओर भाग निकले थे। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना की जानकारी मिलते ही शिवली कोतवाल घटनास्थल पर पहुंचे थे और घटना के बाबत पीड़ित व्यापारी से पूछताछ कर शोभन मंदिर के सामने स्थित आरोग्यधाम एवं आसपास स्थित दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले थे तो नकाबपोस बाइक सवार तीन युवक जाते हुए नजर आए थे। घटनास्थल का निरीक्षण करते समय व्यापारी का मोबाइल फोन वही सड़क के किनारे झाड़ियों में पड़ा हुआ मिला था। उक्त घटना में पीड़ित व्यापारी शमशाद की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है कि सोमवार की सुबह वह बाइक द्वारा बकरी खरीदने के लिए जा रहा था उसकी बाइक में एक झोले टंगा था जिसमें 24 हजार रुपए रखे थे तथा मोबाइल फोन शर्ट की जेब में पड़ा था। उसी समय पीछे से आये बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसको रोका और झपट्टा मार कर थैला एवं मोबाइल छीन कर भाग निकले। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

