डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह ने अधिकारियों, कॉलेजों के प्राचार्यों, छात्रावासों के प्रोवोस्ट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों से किसी भी प्रकार के पक्षपात से बचने और सभी विद्यार्थियों को समान मानने की अपील की।
कुलगुरु ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके शिक्षक के लिए सभी विद्यार्थी बराबर हैं। ऐसे में चुनाव के दौरान शिक्षकों की भूमिका निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ कॉलेजों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिस की भी है।
अगले तीन-चार दिन कॉलेजों में बढ़ेगी सुरक्षा
बैठक में कुलगुरु ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को अगले तीन-चार दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। प्रत्येक कॉलेज में एक शिक्षक को पुलिस के साथ समन्वय के लिए नियुक्त किया जाएगा। चुनाव प्रबंधन में अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
17 सितंबर को पहुंचेंगी ईवीएम
डूसू चुनाव के लिए 17 सितंबर को कॉलेजों में ईवीएम पहुंचाई जाएंगी। इसकी प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होगी। नियुक्त मास्टर ट्रेनर ईवीएम को संबंधित कॉलेजों तक पहुंचाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
18 सितंबर को दो पालियों में मतदान
18 सितंबर को डूसू चुनाव के लिए मतदान होगा। डे-क्लास के विद्यार्थियों के लिए सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं इवनिंग-क्लास के विद्यार्थियों के लिए दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में सील किया जाएगा।
सील की गई ईवीएम को मल्टीपर्पस हॉल (यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम) में जमा कराया जाएगा। 19 सितंबर को इसी स्थान पर मतगणना की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी
चुनाव के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर 18 सितंबर तक रात में पुलिस गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान के दिन कॉलेजों, विभागों और संस्थानों के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला कॉलेजों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी, साउथ कैंपस निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा, मुख्य रिटर्निंग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह समेत विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, छात्रावासों के प्रोवोस्ट-वार्डन और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

