अपराधकानपुर देहात

शिवली पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार

शिवली पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता, कानपुर देहात : बुधवार की सुबह शिवली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने कानपुर नगर व देहात में बाइक से घूम घूमकर लूट, छिनैती,टप्पेबाजी तथा चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई बाइक, बकरा व्यापारी से छीना गया मोबाइल तथा लूटे गये रुपये बरामद किये हैं। जबकि व्यापारी के साथ हुई घटना को अंजाम देने वाला तीसरा बदमाश फरार हो गया है जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों ने रूरा, सिकंदरा व सट्टी थाना क्षेत्रों में हुई लूट चोरी टप्पेबाजी की घटनाओं को भी स्वीकार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि बीते सोमवार 14 सितंबर को शिवली कोतवाली क्षेत्र के बैरी गांव निवासी बकरी व्यापारी शमशाद से जुगराजपुर बिठूर तथा हृदयपुर गांव के बीच अपाचे सवार 3 नकाबपोश बदमाशों द्वारा मारपीट कर 24 हजार रुपए व मोबाइल फोन लूट लिया गया था। उक्त मामले में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही थी। बुधवार को मुखबिर से मिली सूचना पर कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह, बाघपुर चौकी प्रभारी योगेंद्र कुमार शर्मा,एस आई अजय कुमार, सिपाही अरुण कुमार,बोबी सिंह, अतुल प्रताप सिंह, गौरव कुमार तथा दाऊजी ने सिंहपुर गांव के पास घेराबंदी कर ली। सुबह करीब साढ़े दस बजे दो युवक बाइक से आते दिखाई पड़े तो घेराबंदी कर बाइक सवार सरैया लालपुर गांव निवासी वैभव सिंह भदौरिया पुत्र रामभान सिंह व उसके साथी मोहल्ला खमार लालपुर निवासी संगम उर्फ छोटू कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने बकरी व्यापारी शमशाद के साथ घटना कारित करने के अलावा रुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति की जेब से 34 हजार रुपए छीन लेने व शाहजहांपुर थाना सट्टी में एक व्यक्ति से 18 हजार रुपए की टप्पेबाजी करने की घटनाओं को अंजाम देने की स्वीकार की है। उनके कब्जे से बरामद बाइक उन लोगों द्वारा राही ढाबा सिकंदरा से तीन सितंबर को बाइक चोरी करने की घटना स्वीकार की है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूट व छिनैती की घटनाओं के 29 हजार रुपए बरामद हुए हैं। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वैभव सिंह भदौरिया के खिलाफ जनपद कानपुर नगर एवं देहात के विभिन्न थानों में दस मुकदमे तथा संगम कुशवाहा के खिलाफ कानपुर देहात के अलग-अलग थानों से चार मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।