ब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ

चुनाव से पहले यूपी में बड़े अफसरों के तबादले की तैयारी, 20 से अधिक IPS दायरे में

चुनाव से पहले यूपी में बड़े अफसरों के तबादले की तैयारी, 20 से अधिक IPS दायरे में

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर बड़े फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों को चुनाव से पहले हटाने की प्रक्रिया के तहत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम संभावित सूची में बताए जा रहे हैं।

यूपी विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। इसी को आधार मानते हुए तीन वर्ष की अवधि की गणना के लिए 31 मई 2027 को कटऑफ माना जा रहा है। चुनाव आयोग की मौजूदा स्थानांतरण संबंधी गाइडलाइन में चुनाव से सीधे जुड़े अधिकारियों के लिए एक जिले में तीन वर्ष की तैनाती संबंधी प्रावधान हैं।

कई पुलिस कमिश्नर और फील्ड अफसर दायरे में

चुनाव को देखते हुए फील्ड पोस्टिंग वाले करीब 20 IPS अधिकारियों के तबादले की संभावना जताई जा रही है। संभावित सूची में एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश, नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, मुरादाबाद के डीआईजी मुनिराज जी, लखनऊ की डीसीपी रवीना त्यागी, कानपुर के श्रवण कुमार सिंह, नोएडा में तैनात रवि शंकर निम और चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह के नाम बताए गए हैं।

इसके अलावा प्रमोद कुमार, अतुल कुमार शर्मा द्वितीय, सोनम कुमार, रविंद्र कुमार, श्रुति श्रीवास्तव, चिराग जैन, शिवा सिंह, अमित कुमावत, नीतू, एडीसीपी प्रीति यादव और विक्रम दाहिया समेत अन्य अधिकारियों के नाम भी संभावित फेरबदल के दायरे में बताए जा रहे हैं।

शासन स्तर पर भी हो सकता है बदलाव

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किए जाने की संभावना है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत चुनाव से सीधे जुड़े पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती में निर्धारित अवधि पूरी होने पर बदलाव किया जाता है।

हालांकि, संभावित सूची में शामिल अधिकारियों के तबादले को अंतिम आदेश नहीं माना जा सकता। वास्तविक फेरबदल शासन के आदेश और चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार तय होगा।