डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर। सेक्टर-63 के एफ ब्लाक स्थित जय साई फैशन नाम की गारमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। तीसरे तल से धुआं निकलता देखकर फैक्ट्री के गार्ड ने तत्काल प्रबंधन और अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल की आठ गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फैक्ट्री में रूई, कपड़ा, धागा और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी। अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोका। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में कोई व्यक्ति फंसा नहीं था। आग की घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
आग से फैक्ट्री में रखा कच्चा और तैयार माल जल गया। कंपनी प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये कीमत के माल के नुकसान की आशंका है। अग्निशमन विभाग की ओर से घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।

