- यात्रियों ने रंगे हाथों पकड़कर जीआरपी को दी सूचना
- चोरी का मोबाइल बरामद, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो
- एक दिन पहले सो रहे यात्री की जेब खंगालने का वीडियो भी हुआ था वायरल
डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के आरोप में शुक्रवार को एक युवक को यात्रियों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक प्लेटफार्म पर यात्रियों के बीच घूमकर मौका मिलते ही मोबाइल चोरी करता था। शुक्रवार को यात्रियों ने उसे कथित तौर पर मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद यात्रियों ने उसे एक पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी।
घटना के दौरान कुछ यात्रियों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यात्रियों के मुताबिक, पकड़े गए युवक के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना जीआरपी को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित ने इससे पहले स्टेशन पर कितने यात्रियों के मोबाइल चोरी किए हैं। साथ ही उसके किसी गिरोह से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं
रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाओं को लेकर यात्रियों में चिंता बढ़ रही है। एक दिन पहले भी एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें एक युवक के सो रहे यात्री की जेब खंगालने का दावा किया गया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो के बाद स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि स्टेशन और ट्रेन में सफर के दौरान अपने मोबाइल व अन्य सामान को सुरक्षित रखें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या जीआरपी को दें।

