अपराधकानपुर

कानपुर में पुलिस का ऑपरेशन हुक्का बार, 265 रेस्टोरेंट-कैफे में छापेमारी,5 पर मुकदमा और 25 गिरफ्तार

कानपुर में पुलिस का ऑपरेशन हुक्का बार, 265 रेस्टोरेंट-कैफे में छापेमारी,5 पर मुकदमा और 25 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क: कानपुर में पुलिस ने शहर में हुक्का बार और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाते हुए रेस्टोरेंट और हुक्का बारों पर छापेमारी की है। अभियान के तहत शहर में कुल 265 कैफे, रेस्टोरेंट और हुक्का बारों की जांच की गई है। जिसमें नियमों की धज्जियां उड़ाने पर 5 एफआईआर दर्ज कर 25 लोगो को गिरफ्तार किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में इलाहाबाद हाईकोर्ट के हुक्का सेवा को लेकर दिए गए आदेश के बाद कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में हुक्का बार और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के चारों जोन में एक साथ अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी की और 5 हुक्का बार को सील कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान 25 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। थाना चकेरी क्षेत्र के सनिगवां स्थित ‘दी सोशल लाइफ’ रेस्टोरेंट में पुलिस ने रात करीब 7:50 बजे से 9:45 बजे तक छापेमारी की है। सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह मौके पर पहुंचे। रेस्टोरेंट से 6 अवैध हुक्के, भारी मात्रा में हुक्का सामग्री, तंबाकू उत्पाद और अवैध शराब-बीयर बरामद की गई है।

पुलिस ने मौके से हुक्का पीते हुए संचालक समेत कुल 25 लोगों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि संचालक मो. तौशीफ इंटरमीडिएट का छात्र है, जिसके पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं। उसने करीब 20 दिन पहले ही 15 हजार रुपये मासिक किराए पर कमरा व प्लॉट लेकर यह अवैध कारोबार शुरू किया था, जहाँ 100 से 300 रुपये लेकर हुक्का पिलाया जाता था। पकड़े गए लोगों में ज्यादातर नाबालिग बताए जा रहे हैं। वहीं, श्यामनगर के दो संदिग्ध हुक्का बारों में पुलिस के पहुंचने से पहले ही संचालक ताला लगाकर फरार हो गए, हालांकि दोनों प्रतिष्ठानों के बाहर से हुक्के की तीखी गंध आ रही थी।

पूर्वी जोन के अंतर्गत डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली व भारी पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र कोतवाली में होटलों, रेस्टोरेंटों और कैफे की सघन चेकिंग की। इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में हुक्का या तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री व उपयोग न होने दिया जाए। डीसीपी ने संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर सतत निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

सेंट्रल जोन में पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना सिंह के निर्देशन में थाना स्वरूप नगर क्षेत्र स्थित ‘बोहो’ रेस्टोरेंट सहित विभिन्न कैफे में व्यापक पड़ताल की गई। पुलिस टीम ने हुक्का उपकरणों, प्रतिबंधित फ्लेवर, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों और पार्किंग व्यवस्था की बारीकी से जांच की। स्वरूप नगर और कोहना क्षेत्र से कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए थाना काकादेव, चमनगंज, कोहना, बेकनगंज, अनवरगंज और बजरिया पुलिस द्वारा संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त की गई तथा संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग की गई है। पुलिस ने शहर के सभी होटल व कैफे संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस और नियमों के उल्लंघन पर अगर कोई भी प्रतिष्ठान पाया गया तो उसे तत्काल प्रभाव से सील कर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।