देशलखनऊ

CM योगी का विपक्ष पर तंज,कहा-2017 से पहले माफिया के सामने नाक रगड़ी जाती थी,सुरक्षा हटे तो भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं

CM योगी का विपक्ष पर तंज,कहा-2017 से पहले माफिया के सामने नाक रगड़ी जाती थी,सुरक्षा हटे तो भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं

डिजिटल डेस्क , लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया और 87 अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित इंटरसेप्टर वाहनों का फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में टिप्पणी करना आसान है। सुरक्षा हटे तो बड़े-बड़े भीगी बिल्ली बन जाते हैं। कोई भी व्यक्ति हो कितना भी बड़ा क्यों न हो पद का गुरूर क्यों न हो अगर उसकी सुरक्षा बाहर कर दी जाए तो उसे ‘भीगी बिल्ली’ बनने में बहुत देर नहीं लगेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला है। कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के हर जिले में दुर्दांत माफिया का बोलबाला था। माफिया समानांतर सरकारें चलाते थे और उनके सामने पुलिस भी मजबूर नजर आती थी। सीएम योगी ने आगे कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ी जाती थी और घुटने टेके जाते थे। सीएम योगी ने कहा कि एक बंद चैंबर में चिंतन करना एक अलग विषय है। उस बंद चैंबर के अंदर किसी पर कोई टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन बंद चैंबर में तभी हम चिंतन कर सकते हैं, जब बेहतरीन सुखद माहौल हो। कोई भी व्यक्ति हो, कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे अपने पद का गुरूर क्यों न हो, लेकिन उसकी सुरक्षा बाहर कर दी जाए, तो अराजकता के माहौल में भीगी बिल्ली बनने में बहुत देर नहीं लगती है। यूपी के हर जिले में दुर्दांत माफियाओं का बोल बाला था। उनके सामने पुलिस मजबूर थी। पुलिस को टूटे हुए घरों में रहना पड़ता था, ट्रेनिंग की स्थिति उससे भी खराब थी। इस कार्यक्रम मे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक प्रकाश सिंह, उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, स्वामी धर्मबंधु, प्रभात प्रकाशन से पवन अग्रवाल और उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण, कार्मिक और उनके परिवारीजन उपस्थित रहे।

14 लाख से अधिक कैमरे लगाए गए-CM

सीएम योगी ने कहा कि सेफ सिटी के लक्ष्य के तहत प्रदेश के शहरों में 14 लाख से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे घटनाओं की रोकथाम और उनके अनावरण में भूमिका निभा रहे हैं। जिलों में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए है तो उसके परिणाम भी सामने आते हैं। आज यूपी पुलिस की पहचान में यह बदलाव दिखाई देता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस के एसटीएफ से जुड़े जांबाज इंस्पेक्टर स्वर्गीय सुनील कुमार सिंह की वीरता को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने उनकी वीरता के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया है और यूपी पुलिस को पहली बार यह गौरव प्राप्त हुआ है। सुनील कुमार सिंह ने 22 जनवरी, 2025 को आमने-सामने की मुठभेड़ में 4 अपराधियों को मार गिराया था। इस दौरान वह अपराधियों की गोलियों से गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनका बलिदान हुआ। सीएम योगी ने उनकी पत्नी मुनेश देवी को सम्मानित किया।