डिजिटल डेस्क , अलीगढ़: थाना मडराक क्षेत्र में आगरा रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बाइक सवार सब इंस्पेक्टर श्रवण कुमार तोमर और सब्जी विक्रेता दंपती शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आगरा रोड पर एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर सब्जी बेच रहे दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे सब इंस्पेक्टर श्रवण कुमार तोमर भी हादसे की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मडराक पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक के अनियंत्रित होने के पीछे क्या कारण रहा, इसकी भी जांच की जा रही है।थाना मडराक क्षेत्र के आगरा रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

