डिजिटल डेस्क , उत्तर प्रदेश:
शाहजहांपुर के पुवायां से इस वक्त की बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार से दो जिंदगियां छीन ली है। बारिश के बीच कच्ची दीवार भरभराकर गिरी और उसके साथ पक्की दीवार व लिंटर समेत पूरा कमरा ढह गया। मलबे में दबकर चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भतीजे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
मामला पुवायां तहसील के मुड़िया कुर्मियात गांव का है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण राजाराम की कच्ची दीवार कमजोर हो गई और अचानक पड़ोसी राजन की पक्की दीवार पर जा गिरी। दीवार के गिरते ही लिंटर सहित पूरा कमरा भरभराकर नीचे आ गया। हादसे के वक्त कमरे में राजन और उनका तीन वर्षीय भतीजा आरव मौजूद थे। अचानक मलबा गिरने से दोनों उसमें दब गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया, लेकिन जब तक मलबा हटाया गया, तब तक राजन और मासूम आरव की मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में आरव की मां काजल भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर किया गया है।
प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी गांव पहुंच गया। एसडीएम पुवायां, सीओ पुवायां, नायब तहसीलदार और भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से आपदा राहत के तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। घायल काजल से डीएम शाहजहांपुर और एसपी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर हालचाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

