अपराध

टैंकर पलटा, तेल बहा और लग गई होड़, गुना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

टैंकर पलटा, तेल बहा और लग गई होड़, गुना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

रवि शर्मा , मध्यप्रदेश:

मध्य प्रदेश के गुना जिले से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों लोग बाल्टी, डिब्बे, कैन और अन्य बर्तन लेकर सड़क किनारे जमा दिखाई दे रहे हैं। वजह थी रिफाइंड तेल से भरे एक टैंकर का पलटना। टैंकर से तेल बहना शुरू हुआ तो देखते ही देखते आसपास के गांवों में खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

बीनागंज क्षेत्र में यह हादसा उस समय हुआ जब रिफाइंड तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद तेल सड़क और आसपास के हिस्सों में फैलने लगा। मुफ्त में तेल मिलने की सूचना मिलते ही लोग अपने-अपने घरों से बर्तन लेकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ लोग सड़क पर बह रहे तेल को भरते नजर आए तो कुछ टैंकर के पास जमा तेल को इकट्ठा करने में जुट गए। घटनास्थल पर हालात ऐसे बन गए कि दुर्घटना स्थल कुछ समय के लिए तेल वितरण केंद्र जैसा दिखाई देने लगा। तेल लेने की जल्दबाजी में लोगों ने सुरक्षा की भी परवाह नहीं की। कई लोग फिसलन भरी जगहों पर खड़े होकर तेल भरते रहे। इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई और सड़क पर आवाजाही भी प्रभावित हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को हटाया गया और यातायात को सामान्य कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। कई लोग इसे महंगाई से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स दुर्घटना स्थल पर उमड़ी भीड़ को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल गुना का यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।