रवि शर्मा , कानपुर
कानपुर : सोमवार को हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। गोविंद नगर स्थित चावला मार्केट समेत कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य मार्गों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जबकि वाहन पानी में रेंगते दिखाई दिए। शहर में जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता विकास अवस्थी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गोविंद नगर की जलमग्न सड़क पर प्रतीकात्मक नाव लेकर उतरे और नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हर वर्ष नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है।
प्रदर्शन के दौरान विकास अवस्थी ने कहा कि बारिश से पहले नगर निगम और प्रशासन द्वारा किए जाने वाले दावे केवल कागजों तक सीमित रह जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नालों की सफाई और जल निकासी के नाम पर जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है, जबकि शहरवासी हर बरसात में जलभराव की समस्या झेलने को मजबूर हैं। गोविंद नगर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में सड़क पर नाव चलाने की नौबत आ जाना नगर निगम की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
वहीं स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने भी जलभराव को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही सड़कें पानी से भर जाती हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

