अपराधगाज़ियाबाद

गाजियाबाद : कपड़े के थैले बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग,6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

गाजियाबाद : कपड़े के थैले बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग,6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

डिजिटल डेस्क ,गाजियाबाद : ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर A-3 में शुक्रवार देर रात कपड़े के थैले और कैरी बैग बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में करीब 2500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने फैक्ट्री के टीन शेड का पूरा ढांचा भरभराकर जमीन पर गिर गया। हादसे में फैक्ट्री में रखा अधिकांश तैयार और कच्चा माल तथा मशीनरी जलकर नष्ट हो गई।

फायर विभाग के मुताबिक, शुक्रवार 4 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे लोनी फायर स्टेशन (ट्रॉनिका सिटी) को प्लॉट नंबर D-12 स्थित R And R INC. फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए।

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि फैक्ट्री के भूतल पर बने अस्थाई टीन शेड के पूरे हिस्से में आग लगी हुई थी। फैक्ट्री के दोनों मुख्य गेट बंद थे और उस समय वहां कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था।

आग के विकराल रूप को देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां और वाटर बाउजर बुलाए गए। कुल 12 फायर टेंडर और वाटर बाउजर की मदद से चारों तरफ से आग पर पानी और फोम डाला गया।

दमकल कर्मियों के आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री का पूरा टीन शेड ढांचा दीवारों के कुछ हिस्से समेत अचानक भरभराकर गिर गया। इससे अंदर रखा भारी मात्रा में कच्चा और तैयार माल मलबे के नीचे दब गया और आग बुझाने के लिए अंदर जाने के रास्ते भी बंद हो गए।

इसके बाद दमकल विभाग ने जेसीबी की मदद से पीछे की दीवार को गिराकर रास्ता बनाया और पीछे की तरफ से भी पानी की दो लाइनें बिछाकर आग पर काबू पाने का अभियान जारी रखा। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह करीब 4 बजे आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।

फायर विभाग के अनुसार, इस अग्निकांड में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और आसपास की फैक्ट्रियों को भी आग से नुकसान नहीं पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

आग में फैक्ट्री का अधिकांश तैयार व कच्चा माल, मशीनरी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।