देशहरियाणा

रेवाड़ी: दही-हांडी की मटकी तोड़ने को लेकर हुए विवाद में चली गोली, पुलिस बल तैनात

रेवाड़ी: दही-हांडी की मटकी तोड़ने को लेकर हुए विवाद में चली गोली, पुलिस बल तैनात

डिजिटल डेस्क, रेवाड़ी : गांव बोड़िया कमालपुर स्थित बड़े शिव मंदिर में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान दही-हांडी की मटकी तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि शुक्रवार रात कुछ युवकों ने मटकी तोड़ने को लेकर चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोलियां चलने की आवाज सुनते ही कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। घटना के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जागरण चल रहा था। आधी रात के समय दही-हांडी तोड़ने के लिए लाइट बंद की गई और गांव के युवक मटकी तक पहुंचने के लिए ऊपर चढ़ने लगे। इसी दौरान गांव के एक युवक ने मांढैया गांव से आए अपने साथियों के साथ मटकी तोड़ने को लेकर कथित तौर पर फायरिंग कर दी।

अचानक फायरिंग होने से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित युवक अपने साथियों के साथ खुद दही-हांडी तोड़ना चाहता था। इसी को लेकर विवाद हुआ और अंधेरे में मटकी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई।

सदर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि दही-हांडी तोड़ने के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने चार राउंड हवाई फायरिंग होने की जानकारी दी है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

घटना के बाद शनिवार को गांव में आयोजित होने वाले भंडारा कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।