डिजिटल डेस्क, गाजियाबाद : ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 की रात करीब 10:50 बजे ट्रॉनिका सिटी पुलिस खानपुर के जंगल में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार (20) निवासी सुधीर एन्क्लेव, रामपार्क और एहसान (22) निवासी सुधीर एन्क्लेव, रामपार्क, ट्रॉनिका सिटी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 4 सितंबर को ट्रॉनिका सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना, नाबालिग पीड़िताओं के चिकित्सीय परीक्षण और परिजनों के बयानों से सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 70(2) बीएनएस और धारा 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों का मामले से संबंध सामने आया है और पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग पीड़िताओं से संबंधित दुष्कर्म के मामले में वांछित थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास, चोरी की स्कूटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है। अवैध हथियार बरामद होने के संबंध में भी अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

