डिजिटल डेस्क, बुलंदशहर : अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव ऐचौरा में रविवार को जर्जर दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दीवार के मलबे में दबने से 62 वर्षीय दादी ओमबती देवी और उनकी 12 वर्षीय पोती कुमकुम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका ओमबती देवी पत्नी स्वर्गीय होराम सिंह और उनकी पोती कुमकुम पुत्री सोनपाल तोमर उर्फ सोनू बताई गई हैं। बताया जा रहा है कि कुमकुम परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। दादी-पोती की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज आदेश कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक जयकिशोर गौतम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम अनूपशहर अरुण कुमार वर्मा और तहसीलदार अनूपशहर डॉ. प्रिया सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली।
दादी-पोती की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

