देशगौतम बुद्ध नगर

ग्रेनो वेस्ट में स्वाइन फ्लू से महिला की बिगड़ी तबीयत

ग्रेनो वेस्ट में स्वाइन फ्लू से महिला की बिगड़ी तबीयत

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : जिले में एच1एन1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार शाम ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 50 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। प्राइवेट लैब में जांच के दौरान महिला में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें प्राइवेट अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्राइवेट लैब की रिपोर्ट देखकर अस्पताल में मचा अलर्ट

जानकारी के मुताबिक, महिला को पिछले कई दिनों से बुखार और खांसी की शिकायत थी। दवाएं लेने के बावजूद आराम नहीं मिलने पर उनके बेटे ने नजदीकी प्राइवेट लैब में इन्फ्लुएंजा ए और एच1एन1 की जांच कराई। रिपोर्ट में एच1एन1 की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया।

सोमवार शाम महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने और सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। इमरजेंसी में बेटे ने डॉक्टरों को लैब की रिपोर्ट दिखाई, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ अलर्ट हो गया और महिला को आईसीयू में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू का पहला मरीज

महिला के जिला अस्पताल में भर्ती होने की सूचना तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सर्विलांस अधिकारी को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट की जांच की और मरीज की स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार चल रहा है। मंगलवार को अस्थमा, एलएफटी, केएफटी समेत अन्य महत्वपूर्ण जांच कराए जाने की तैयारी है।

24 घंटे में 29 नए मामले, कुल संख्या 288

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू के 29 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में एच1एन1 संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 288 पहुंच गई है। इनमें 81 एक्टिव केस बताए गए हैं, जबकि 260 मरीज बीमारी से ठीक हो चुके हैं।

सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों की लगातार निगरानी कर रही हैं। नए मामलों के सामने आने के बाद सर्विलांस और निगरानी व्यवस्था को भी सक्रिय रखा गया है।