देशसहारनपुर

PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट मिलने का मामला, NIA ने बैंककर्मी को दबोचा

PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट मिलने का मामला, NIA ने बैंककर्मी को दबोचा
  • सहारनपुर में सामने आई साजिश की जांच तेज, फरार चल रहे अमित कुमार को चंडीगढ़ से किया गिरफ्तार; तीन बैंक कर्मचारी पहले हो चुके हैं निलंबित

डिजिटल डेस्क, सहारनपुर : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट में करोड़ों रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मामले में नामजद और फरार चल रहे बैंक कर्मचारी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अमित कुमार करेंसी चेस्ट के संयुक्त संरक्षक (ज्वाइंट कस्टोडियन) के रूप में कार्यरत था। उसे सात सितंबर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया।

मामला 29 अगस्त 2026 को उस समय सामने आया, जब सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में PNB की करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के कथित नकली भारतीय नोट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ BNS की धारा 178 के तहत FIR संख्या 0431/2026 दर्ज की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार के निर्देश पर जांच NIA को सौंपी गई। NIA ने तीन सितंबर को केस को दोबारा दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली। एजेंसी के अनुसार, अब पूरे नेटवर्क और कथित साजिश का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। नकली नोटों के स्रोत, उनकी करेंसी चेस्ट तक पहुंचने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

दो दिन की ट्रांजिट रिमांड

अमित कुमार को मंगलवार को चंडीगढ़ की विशेष NIA अदालत में पेश किया गया। NIA ने उसे लखनऊ स्थित संबंधित अदालत में पेश करने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी। अदालत ने परिस्थितियों को देखते हुए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की और आरोपी को निर्धारित अवधि में संबंधित अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया।

NIA अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कथित नकली मुद्रा करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची और इसमें बैंक के कर्मचारियों के अलावा अन्य कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।