- ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान हुआ हादसा, दोनों आईसीयू में भर्ती; जेई समेत तीन कर्मचारियों पर केस
डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद : डबुआ थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। शटडाउन लेने के बावजूद 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में करंट दौड़ने से दो लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों कर्मचारी खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पोल पर काम कर रहे थे। करंट की चपेट में आने से दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें सेक्टर-16ए स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का आईसीयू में उपचार चल रहा है।
लाइनमैन अमन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जेई समेत तीन कर्मचारियों और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमन ने पुलिस को बताया कि वह दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में लाइनमैन के पद पर पाली जोन में तैनात है। दो सितंबर की शाम वह लाइनमैन नरेश कुमार के साथ आइपी फीडर कॉलोनी में विनायक वाली गली के पास खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पहुंचा था। शिकायत के मुताबिक, जेई सुनील कुमार ने फीडर का शटडाउन लेने की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर उतारकर नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम सौंपा गया।
अचानक दौड़ा 11 हजार वोल्ट का करंट
अमन के मुताबिक शाम करीब 6:30 बजे वह और नरेश पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट की लाइन में बिजली का करंट दौड़ गया। करंट लगते ही अमन बेहोश होकर नीचे गिर गया। उसके सिर, हाथ, छाती और कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह झुलस गया। वहीं नरेश भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद हाईड्रा चालक और अन्य लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण आईसीयू में उपचार किया जा रहा है।
निजी फायदे के लिए लाइन चालू करने का आरोप
अमन ने अपनी शिकायत में जेई अशोक कुमार और फोरमैन का काम कर रहे लाइनमैन पवन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि उच्चाधिकारियों से मिलीभगत कर शटडाउन होने के बावजूद निजी फायदे के लिए बिजली लाइन चालू कर दी गई। इसी दौरान लाइन पर काम कर रहे दोनों कर्मचारियों को करंट लग गया।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अमन के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मंगलवार को डबुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ यह भी जांच कर रही है कि शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट की लाइन में बिजली कैसे प्रवाहित हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी थी।

