- 8 से 17 सितंबर तक चलेगा अभियान, जंगल से लेकर ढाबों और शराब दुकानों तक होगी सघन जांच
डिजिटल डेस्क, लखीमपुर खीरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। 8 से 17 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के लिए जिले की सातों तहसीलों में प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं।
अभियान के दौरान टीमें अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के साथ ही शराब की ओवररेटिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच करेंगी। जंगल, नदी किनारे और सुनसान स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा ढाबों और शराब की दुकानों पर भी जांच अभियान चलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संदिग्ध क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी कराने की व्यवस्था भी की गई है।
शराब दुकानों की जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर के साथ बार कोड, क्यूआर कोड और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी जाएगी। अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। गंभीर मामलों में गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। सूचना टोल फ्री नंबर 14405 या व्हाट्सऐप नंबर 9454466019 पर दी जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

