सत्यम कटियार, संवाददाता
फर्रुखाबाद : लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब बढ़े हुए सर्किल रेट के हिसाब से किसानों को जमीन की कीमत का भुगतान किए जाने की उम्मीद है। इस संबंध में फर्रुखाबाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की मांग को मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है।
सदर विधायक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपा। विधायक के मुताबिक, 9 मई 2026 से पहले, यानी सर्किल रेट बढ़ने से पहले जिन किसानों ने लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए अपनी जमीन का बैनामा किया है, उन्हें पुराने और नए सर्किल रेट के बीच की अंतर धनराशि का लाभ दिया जाएगा।
विधायक ने बताया कि फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र के 540 किसान और अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के 316 किसान इस मामले में शामिल हैं। इन किसानों ने सर्किल रेट बढ़ने से पहले अपनी जमीन का बैनामा किया था।
मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि किसानों की समस्या को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी थी। मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया है कि 9 मई 2026 से लागू बढ़े हुए सर्किल रेट के हिसाब से संबंधित किसानों को भी धनराशि प्रदान की जाएगी।
विधायक के मुताबिक, सरकार के इस निर्णय से लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन देने वाले सैकड़ों किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। मामला फर्रुखाबाद जनपद में लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़ा है।

