डिजिटल डेस्क, रायबरेली : शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली बाजार इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ युवक को बेरहमी से पीटा बल्कि उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, मछली बाजार निवासी एक युवक का कुछ लोगों से पुराना विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार शाम युवक अपनी गाड़ी से कहीं जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब नौ लोगों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने युवक की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए।
घटना के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घायल की मां ने शहर कोतवाली पहुंचकर नौ नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

