डिजिटल डेस्क, अमेठी : जिले में शुक्रवार को हो रही तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महिला बारिश के दौरान खुले में थी। इसी दौरान अचानक तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और महिला उसकी चपेट में आ गई। बिजली गिरते ही महिला बुरी तरह झुलस गई और जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने महिला को उठाया और गंभीर हालत में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और बारिश के दौरान खुले खेतों, पेड़ों के नीचे या ऊंचे स्थानों पर खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सुरक्षित स्थान पर शरण लें। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

