डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश बीजेपी के नए प्रभारी विनोद तावड़े आज फिर लखनऊ पहुंचेंगे। 5 सितंबर को प्रभारी बनने के बाद यह उनका दूसरा लखनऊ दौरा है। इस बार वह 12 सितंबर को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में संगठन की अहम बैठक में शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश के सभी महामंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मोर्चा प्रभारियों को बुलाया गया है।
साथ ही संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी आज लखनऊ में ही मौजूद रहेंगे, इसलिए इस बैठक को मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन फेरबदल से पहले की सबसे बड़ी बैठक माना जा रहा है।
मिशन 2027 के लिए 4C का फॉर्मूला
तावड़े ने पिछले दौरे में ही साफ कर दिया था कि उनका फोकस प्रचार-प्रसार नहीं, बल्कि जमीनी काम पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को होर्डिंग-बैनर और भव्य स्वागत से मना किया था और बिना ताम-झाम के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे।
इस बार की बैठक में 4C प्लान पर खास फोकस रहेगा:
1. Coordination – सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल
2. Cadre – बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, कोई बूथ न छूटे
3. Caste – यूपी की हर जाति को साधना, छोटी-बड़ी कोई भी जाति अछूती न रहे
4. Candidature – 100 उन विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति, जहां 2024 लोकसभा में बीजेपी कमजोर रही थी
सीएम योगी के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव
पिछली बैठक में तावड़े ने साफ कहा था कि “2027 का चुनाव सीएम योगी के चेहरे पर लड़ा जाएगा” और सपा के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए उसे ‘पराया धन अपना’ करार दिया था। उन्होंने टिकट के दावेदारों को भी संदेश दिया है कि दिल्ली दरबार के चक्कर लगाने के बजाय अपने क्षेत्र में रहकर संगठन मजबूत करें।
सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में विधायकों और पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर हाईकमान को रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और प्रदेश संगठन में बदलाव पर अंतिम मुहर लग सकती है।

